Jharkhand

रांची के अनगड़ा में छोटे भाई को बचाने के लिए कुएं में कूदा बड़ा भाई, दोनों की डूबने से हुई मौत

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड के रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र के चन्द्राटोली गांव में सोमवार को एक भाई को बचाने की कोशिश दूसरे भाई के लिए भी जानलेवा साबित हुई. कुएं में डूब रहे छोटे भाई को बचाने के लिए बड़े भाई ने बिना अपनी जान की परवाह किए छलांग लगा दी, लेकिन दोनों ही गहरे पानी में समा गए. इस हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे 35 वर्षीय विनोद मुंडा खेत से लौटने के बाद कुएं से पानी निकालने गया था. इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह कुएं में गिरकर डूबने लगा. छोटे भाई को संकट में देख 42 वर्षीय सुखराम मुंडा तुरंत उसे बचाने के लिए कुएं में कूद पड़े. काफी प्रयास के बाद उन्होंने विनोद को पानी की सतह तक लाने की कोशिश भी की, लेकिन कुएं में पानी अधिक होने और बाहर निकलने का कोई सुरक्षित सहारा नहीं होने के कारण दोनों खुद बाहर नहीं निकल सके. देखते ही देखते दोनों भाइयों की डूबने से मौत हो गई.

ग्रामीणों ने बताया कि मृतक विनोद मुंडा पहले से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था और अविवाहित था. वह अपने बड़े भाई के साथ ही रहता था. दोनों भाइयों के एक साथ निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जानकारी के मुताबिक जिस सिंचाई कूप में यह हादसा हुआ, उसका निर्माण करीब दो वर्ष पहले मनरेगा योजना के तहत मृतकों के पिता बिरसा मुंडा ने कराया था. लगभग 30 फीट गहरे इस कुएं में 22 से 23 फीट तक पानी भरा था. ग्रामीणों का कहना है कि कुएं पर अभी तक सुरक्षा के लिए मुंडेर नहीं बनाई गई थी, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया.

घटना की सूचना मिलने पर अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकालकर पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया. इधर, पूर्व मुखिया मधुसूदन मुंडा ने शोक व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.