रांची (RANCHI): आज 15 अगस्त को पूरा देश स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा है. जगह-जगह तिरंगा फहराया जा रहा है और देशभक्ति का माहौल बना हुआ है. वहीं झारखंड की राजधानी रांची में एक तरफ स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह है, तो दूसरी तरफ छात्रों का आंदोलन भी लगातार जारी है. JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो को तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है.
देवेंद्रनाथ महतो पिछले कई दिनों से रांची के सदर अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है. छात्र आंदोलन के दौरान भूख हड़ताल पर रहने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई थी. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. विधानसभा घेराव कार्यक्रम के दौरान भी उनकी स्वास्थ्य स्थिति खराब होने की बात सामने आई थी. फिलहाल वह अस्पताल में ही इलाजरत हैं.
इधर, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छात्रों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया है. देवेंद्रनाथ महतो भी इस तिरंगा यात्रा और ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होना चाहते थे. हालांकि, पुलिस और प्रशासन की ओर से उन्हें अस्पताल से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई. प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिए जाने की बात सामने आई है.
देवेंद्रनाथ महतो ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे ही उन्होंने तिरंगा यात्रा और ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा जताई, उनके कमरे के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया. इस घटनाक्रम के बाद आंदोलनकारी छात्रों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है.
बता दें कि JPSC-JSSC में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना और भूख हड़ताल का दौर जारी है. छात्रों की मांग है कि कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए. ऐसे में 15 अगस्त के दिन तिरंगा यात्रा को लेकर देवेंद्रनाथ महतो को अनुमति नहीं मिलने से छात्र आंदोलन एक बार फिर चर्चा में आ गया है.
