Jharkhand

7 साल के मासूम पर छेड़छाड़ का लगा आरोप, तीसरी के छात्र की शिक्षकों ने की बेरहमी से पिटाई, DC ने दिए जांच के आदेश

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
7 साल के मासूम पर छेड़छाड़ का लगा आरोप, तीसरी के छात्र की शिक्षकों ने की बेरहमी से पिटाई, DC ने दिए जांच के आदेश

रांची (RANCHI): राजधानी रांची के बरियातू स्थित DAV नंदराज पब्लिक स्कूल में एक 7-8 वर्षीय छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि कक्षा 3A में पढ़ने वाले छात्र पर एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर रहा था, जिसके बाद कुछ शिक्षकों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. परिजनों का दावा है कि घटना के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं.

बच्चे के पिता रंजीत कुमार सिंह ने उपायुक्त को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उनका आरोप है कि इतने छोटे बच्चे पर बिना पर्याप्त साक्ष्य के गंभीर आरोप लगा दिए गए और निष्पक्ष जांच किए बिना उसे शारीरिक एवं मानसिक दंड दिया गया. शिकायत में कहा गया है कि यदि किसी छात्रा की ओर से कोई शिकायत मिली थी, तो स्कूल प्रशासन को पहले सभी संबंधित पक्षों, शिक्षकों और प्रत्यक्षदर्शियों से तथ्य जुटाकर मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए थी. परिजनों का कहना है कि बिना जांच के इस तरह का आरोप बच्चे के आत्मसम्मान, मानसिक स्थिति और भविष्य पर गहरा असर डाल सकता है.

रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने 2 जुलाई को इस मामले में स्कूल प्रबंधन को दो अलग-अलग आवेदन दिए थे. इसके बाद 3 जुलाई को स्कूल के प्राचार्य को भी लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की गई. उनका आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने मामले की गंभीरता के बावजूद जांच शुरू नहीं की और उनकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की. 

उधर, शिकायत मिलने के बाद रांची के उपायुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया है. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह मामला जांच के अधीन है और प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है.