Jharkhand

मोहर्रम जुलूस को लेकर 27 जून को रांची के सभी स्कूल रहेंगे बंद, जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor
मोहर्रम जुलूस को लेकर 27 जून को रांची के सभी स्कूल रहेंगे बंद, जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश

रांची (RANCHI): मोहर्रम के अवसर पर 27 जून को रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय बंद रहेंगे. जिला प्रशासन ने ताजिया और अखाड़ा जुलूस को देखते हुए यह निर्णय लिया है. प्रशासन का कहना है कि जुलूस के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहने की संभावना है, जिससे स्कूली बच्चों के आवागमन में परेशानी हो सकती है.

जानकारी के अनुसार, मोहर्रम के दिन रांची के विभिन्न इलाकों में पारंपरिक ताजिया और अखाड़ा जुलूस निकाले जाएंगे. बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और कई सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है. हालांकि, जिन विद्यालयों में पहले से निर्धारित कार्यक्रम के तहत परीक्षा आयोजित होनी है, उन्हें राहत दी गई है. ऐसे स्कूल जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) से पूर्व अनुमति प्राप्त कर निर्धारित समय पर परीक्षा आयोजित कर सकते हैं. इसके लिए संबंधित विद्यालय प्रबंधन को प्रशासनिक स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा.

जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों, अभिभावकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि मोहर्रम के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं. प्रशासन ने लोगों से यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहने की भी अपील की है. मोहर्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है, ताकि धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.