रांची (RANCHI): प्लेन से सफर करने वाले यात्रियों कि जेब पर भारी असर पड़ने वाला है. दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ आने में अभी 2 महीने से अधिक समय बचे है लेकिन त्योहार को लेकर रांची आने वाली फ्लाइट्स का किराया अभी से बढ़ने लगा है. देश के अलग-अलग राज्यों और बड़े शहरों से रांची आने वाले यात्रियों को सामान्य दिनों की तुलना में डेढ़ से दो गुना तक अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है. त्योहार के दौरान हवाई यात्रा की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए एयरलाइंस ने किराये में बढ़ोतरी शुरू कर दी है. आम दिनों में दिल्ली-रांची फ्लाइट का किराया करीब 5,000 से 5,500 रुपये रहता है, जबकि नवंबर में यही टिकट 11,046 से 11,886 रुपये तक पहुंच गया है. यानी यात्रियों को लगभग दोगुना किराया देना पड़ रहा है.
बता दें, ट्रैवल एजेंसियों के अनुसार दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं. इससे फ्लाइट्स में सीटों की मांग तेजी से बढ़ती है और किराया भी लगातार ऊपर जाता है. ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा की योजना पहले बनाकर टिकट बुक करा लें. इससे त्योहार के करीब बढ़ने वाले किराये से कुछ हद तक बचा जा सकता है. दिल्ली के अलावा मुंबई, चेन्नई और बेंगलुरु से रांची आने वाले यात्रियों को भी बढ़े हुए किराये का सामना करना पड़ रहा है.
मुंबई-रांची रूट पर सामान्य दिनों में हवाई किराया करीब 6,500 से 7,093 रुपये रहता है, जो नवंबर में बढ़कर 12,597 से 15,117 रुपये तक पहुंच गया है. वहीं चेन्नई-रांची फ्लाइट का सामान्य किराया 6,500 से 6,758 रुपये है, जबकि नवंबर में टिकट 12,725 से 15,172 रुपये तक मिल रहा है. बेंगलुरु-रांची रूट पर भी किराया बढ़ा है. सामान्य दिनों के 7,500 से 8,042 रुपये के मुकाबले नवंबर में यात्रियों को 10,371 से 14,182 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं. ऐसे में त्योहार के लिए यात्रा करने वालों के लिए समय रहते टिकट बुक करना फायदेमंद हो सकता है.
