रांची (RANCHI): त्योहारों का मौसम आ गया है. ऐसे में जो लोग घर से दूर रहकर पढ़ाई करते हैं या फिर जॉब करते हैं उनके लिए खबर सामने आई है. जो लोग प्लेन से सफर करते हैं उनके लिए परेशानी बढ़ सकती है. दिवाली पर घर लौटने की तैयारी कर रहे लोगों को इस बार हवाई सफर के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. दरअसल, आठ नवंबर को दिवाली है. इससे पहले छह और सात नवंबर को देश के अलग-अलग शहरों से रांची आने वाली फ्लाइट्स के किराये में काफी बढ़ोतरी हुई है. कई रूट पर टिकटों के दाम सामान्य दिनों के मुकाबले दो से तीन गुना तक पहुंच गए हैं. सबसे ज्यादा बढ़ोतरी भुवनेश्वर-रांची रूट पर देखने को मिल रही है. सामान्य दिनों में 4,533 रुपये का टिकट छह नवंबर को 25,665 रुपये तक पहुंच गया है. सात नवंबर को भी इसका किराया 15,296 रुपये है. इससे त्योहार पर घर आने वाले यात्रियों का बजट बिगड़ सकता है.
दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और चेन्नई से रांची आने वाले यात्रियों को भी महंगे टिकट खरीदने पड़ रहे हैं. दिल्ली से रांची का सामान्य किराया 7,314 रुपये है, जो छह नवंबर को बढ़कर 15,349 रुपये और सात नवंबर को 16,219 रुपये हो गया है. मुंबई से आने के लिए यात्रियों को छह नवंबर को 22,730 रुपये और सात नवंबर को 19,597 रुपये चुकाने पड़ सकते हैं. वहीं, बेंगलुरु से रांची का किराया 16,895 से 17,947 रुपये और चेन्नई से 15,263 से 18,061 रुपये के बीच है. हैदराबाद से टिकट 18,052 से 19,342 रुपये तक पहुंच गया है. अहमदाबाद से किराया दोनों दिन 21,734 रुपये बताया जा रहा है.
कोलकाता से रांची आने का सामान्य किराया 4,320 रुपये है, जो छह नवंबर को 6,105 रुपये और सात नवंबर को 9,150 रुपये हो गया है. वहीं, पटना से रांची का किराया सामान्य दिनों के 3,897 रुपये से बढ़कर छह नवंबर को 6,207 रुपये और सात नवंबर को 5,367 रुपये हो गया है. विमानन क्षेत्र के जानकारों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने और सीटें सीमित होने से टिकटों के दाम बढ़ जाते हैं. इसे डायनेमिक प्राइसिंग कहा जाता है. रांची के लिए सीधी उड़ानों के सीमित विकल्प भी किराये में बढ़ोतरी की एक वजह हो सकते हैं. ऐसे में अब देखना होगा की हवाई किराया कम होता है या फिर 3 गुना बढ़े किराये में ही लोग अपने घर लौटते है.
