रांची (RANCHI): जिले के पेंशनधारियों के लिए दुर्गा पूजा से पहले राज्य सरकार ने बड़ी सौगात दी है. राज्य सरकार की सर्वजन पेंशन योजना के तहत सितंबर महीने की पेंशन राशि का भुगतान कर दिया गया है. दरअसल, जिला प्रशासन की ओर से प्रथम चरण में जिले के कुल 1 लाख 86 हजार 669 लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पेंशन की राशि भेजी गई है. हर एक लाभुक के खाते में एक-एक हजार रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है. इस तरह कुल 18 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये का भुगतान किया गया है.
बताते चले, सितंबर महीने में सबसे अधिक लाभुक मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना के हैं. इस योजना के तहत 1 लाख 85 हजार 894 लाभुकों के खातों में पेंशन राशि भेजी गई है. वहीं मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना के 318 लाभुकों को पेंशन मिली है. मुख्यमंत्री राज्य HIV/AIDS पीड़ित व्यक्ति सहायतार्थ पेंशन योजना के तहत 454 लाभुकों को राशि का भुगतान किया गया है. इसके अलावा मुख्यमंत्री राज्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत ट्रांसजेंडर श्रेणी के 3 लाभुकों को भी सितंबर की पेंशन राशि दी गई है.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों के बैंक खातों में सितंबर महीने की पेंशन राशि नहीं पहुंची है, उन्हें अपने बैंक खाते से आधार सीडिंग कराना अनिवार्य है. आधार सीडिंग नहीं होने की स्थिति में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि का भुगतान प्रभावित हो सकता है. प्रशासन ने ऐसे लाभुकों से जल्द से जल्द अपने बैंक खाते को आधार से लिंक कराने की अपील की है, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वजन पेंशन योजना का लाभ लगातार मिलता रहे.
