Jharkhand

सिया केतन मामले के बाद रांची की कातिल बीवी ने प्रेमी संग मिलकर रची खौफनाक साजिश! पहले काट सिर, फिर पेट्रोल से......

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): रांची जिले के बुंडू-तमाड़ इलाके में सामने आए सिरकटी और अधजली लाश के सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने 17 दिन बाद खुलासा करने का दावा किया है. शुरुआती जांच के मुताबिक, मृतक संजय लोहरा की हत्या उसकी पत्नी ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर की. वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए शव का सिर धड़ से अलग कर दिया गया और शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई.

दरअसल 19 जून को बुंडू थाना क्षेत्र के सुमानडीह (तेतरटांड़) जंगल से पुलिस को एक सिरकटा और आंशिक रूप से जला हुआ शव मिला था. सिर गायब होने के कारण मृतक की पहचान करना और मामले की गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था. लगातार तकनीकी जांच, फॉरेंसिक साक्ष्यों और गहन पड़ताल के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही.

ऐसे में पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी अपने कथित प्रेमी के साथ नया जीवन शुरू करना चाहती थी. आरोप है कि पति इस रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा था. इसी कारण दोनों ने मिलकर संजय लोहरा की हत्या की साजिश रची. हत्या के बाद सिर को अलग कर जंगल में छिपा दिया गया, जबकि धड़ को जलाकर दूसरे स्थान पर फेंक दिया गया ताकि पहचान मिटाई जा सके.

प्रेमी की निशानदेही पर मिला कटा हुआ सिर
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र के आगरा-सुंदरडीह (रानी वन) जंगल में जमीन के भीतर दबाकर रखा गया मृतक का सिर बरामद किया. बरामदगी के दौरान एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए. मौके पर बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश, बुंडू थाना प्रभारी, तमाड़ थाना प्रभारी समेत पुलिस की टीम मौजूद रही.

17 दिन तक चली वैज्ञानिक और तकनीकी जांच
पुलिस का कहना है कि बिना सिर के शव मिलने के कारण यह मामला ब्लाइंड मर्डर बन गया था. मोबाइल लोकेशन, तकनीकी विश्लेषण, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची. जांच के दौरान चार लोगों की संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है. पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सभी साक्ष्यों के साथ अदालत में मजबूत आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हुई है.