☰
Jharkhand

दस साल बाद झारखंड में हो रही JTET-2026 परीक्षा, रांची समेत अन्य जिलों में उमड़े 5.65 लाख अभ्यर्थी

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड में करीब दस साल के लंबे इंतजार के बाद रविवार, 1 नवंबर को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 आयोजित की जा रही है.  परीक्षा को लेकर राज्यभर के अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला. रांची, पाकुड़ और साहिबगंज समेत कई जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ जुटने लगी.  प्रशासन की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए.

रांची में 101 केंद्रों पर परीक्षा, अभ्यर्थियों ने बताया कैसा रहा पेपर

राजधानी रांची में JTET  परीक्षा के लिए कुल 101 केंद्र बनाए गए हैं. यहां 65,754 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है. परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर कुल मिलाकर ठीक रहा. प्रश्नों का कठिनाई आसान था. हालांकि, कुछ अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा शुरू होने के समय से करीब 20 मिनट की देरी से प्रश्नपत्र मिला. इससे शुरुआत में थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन बाद में अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय भी दिया गया.  इससे उन्हें प्रश्न हल करने का पूरा मौका मिला. अभ्यर्थियों के मुताबिक, सामान्य तौर पर परीक्षा का अनुभव ठीक रहा.

पाकुड़ में डीसी ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

पाकुड़ जिले में परीक्षा के लिए कुल 30 केंद्र बनाए गए हैं. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा व्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से कराने के निर्देश दिए. इस दौरान अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन और जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती भी मौजूद रहीं.

साहिबगंज के तीनपहाड़ में दिखी अभ्यर्थियों की भीड़

साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ उच्च विद्यालय को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था.  यहां सुबह से ही अभ्यर्थियों का पहुंचना शुरू हो गया.  पहली पाली में कक्षा 6 से 8 तक के अभ्यर्थियों की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित थी.  प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की जांच की गई.  सुबह 9 बजे मुख्य गेट बंद कर दिया गया. राजमहल के अंचलाधिकारी मो. यूसुफ ने केंद्र का निरीक्षण किया, जबकि तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए.

दो पालियों में हो रही परीक्षा

JTET -2026 की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है. पहली पाली में कक्षा 6 से 8 तक और दूसरी पाली में कक्षा 1 से 5 तक के अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं.  राज्य के 24 जिलों में कुल 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.  करीब 5.65 लाख अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है. करीब दस साल बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा से अभ्यर्थियों को शिक्षक बनने की उम्मीद जगी है. अब परीक्षार्थियों को परीक्षा के परिणाम और आगे की भर्ती प्रक्रिया का इंतजार है.  

रिपोर्ट: गोविंद ठाकुर, विकास कुमार