Jharkhand

रांची समाहरणालय में हाई-वोल्टेज ड्रामा, जन्म प्रमाण पत्र विवाद पर भिड़े अधिवक्ता और अधिकारी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी के समाहरणालय परिसर में मंगलवार को एसडीओ कार्यालय के एक कर्मचारी के साथ कथित तौर पर कार्यालय के अंदर घुसकर मारपीट की गई. घटना बी-ब्लॉक स्थित कमरा संख्या-211 की बताई जा रही है, जहां एसडीओ कार्यालय में कार्यरत महेंद्र कुमार दास पर कुछ अधिवक्ताओं द्वारा हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े एक आवेदन को लेकर एक महिला अधिवक्ता और कर्मचारी के बीच विवाद हुआ था. बताया गया कि आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे स्वीकार नहीं किया गया था. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई थी.

कर्मचारियों का आरोप है कि अगले दिन कुछ अधिवक्ता कार्यालय पहुंचे और विवाद बढ़ने के बाद महेंद्र कुमार दास के साथ मारपीट की. घटना के दौरान कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अन्य कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. मामले को और गंभीर बनाते हुए कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद महिला कर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया. इसको लेकर महिला कर्मचारियों में नाराजगी और असुरक्षा की भावना देखी जा रही है.

घटना के विरोध में समाहरणालय के कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में इस तरह की घटनाएं प्रशासनिक व्यवस्था और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती हैं. साथ ही परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई है. घटना के बाद पूरे समाहरणालय परिसर में दिनभर चर्चा और तनाव का माहौल बना रहा. प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है.