रांची(RANCHI): झारखंड को नया महाधिवक्ता मिल गया है. अधिवक्ता रोहितश्य रॉय ने सोमवार को झारखंड हाईकोर्ट परिसर स्थित महाधिवक्ता कार्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया. पदभार संभालते ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया. हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ताओं, वकीलों ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया
रोहितश्य रॉय की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब राज्य के कानूनी महकमे में बड़ा बदलाव देखने को मिला. दरअसल, पूर्व महाधिवक्ता राजीव रंजन ने रविवार को व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद राज्य सरकार ने त्वरित निर्णय लेते हुए रोहितश्य रॉय को झारखंड का नया एडवोकेट जनरल नियुक्त किया. उनकी नियुक्ति की आधिकारिक अधिसूचना रविवार देर शाम जारी की गई थी.
कानूनी क्षेत्र में रोहितश्य रॉय की पहचान एक अनुभवी अधिवक्ता के रूप में रही है. न्याय व्यवस्था और कानूनी मामलों पर मजबूत पकड़ ने उन्हें बार और बेंच दोनों के बीच सम्मान दिलाया है.
14 मई 1980 को जन्मे रोहितश्य रॉय रांची के प्रसिद्ध अधिवक्ता स्वर्गीय वीरेन्द्र नाथ राय, जिन्हें लोग बीरू बाबू के नाम से जानते थे, उनके बेटे हैं. उनकी शुरुआती शिक्षा रांची के प्रतिष्ठित संत जेवियर स्कूल, डोरंडा में हुई. छात्र जीवन से ही उनकी रुचि कानून और सामाजिक मुद्दों की ओर रही.
उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय से सिम्बायोसिस लॉ कॉलेज से विधि की पढ़ाई पूरी की और साल 2003 में एलएलबी की डिग्री हासिल की. इसी वर्ष उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट में वकालत की शुरुआत की. लगातार मेहनत, कानूनी ज्ञान के दम पर उन्होंने जल्द ही खुद को राज्य के प्रमुख अधिवक्ताओं में शामिल कर लिया.
अब राज्य के नए महाधिवक्ता के रूप में रोहितश्य रॉय पर सरकार के महत्वपूर्ण कानूनी मामलों की जिम्मेदारी होगी. उनकी नियुक्ति को झारखंड की न्यायिक व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.
