रांची (RANCHI): झारखंड में जारी छात्र आंदोलन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. गुरुवार को भाजपा सांसदों ने संसद भवन परिसर के मकर द्वार पर प्रदर्शन कर झारखंड के छात्रों पर कथित लाठीचार्ज का विरोध किया. प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने किया. इस दौरान भाजपा सांसदों ने छात्रों के समर्थन में नारेबाजी की और सरकार से उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग उठाई.
आदित्य साहू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें दिल्ली में सोशल मीडिया पर बयान देने के बजाय झारखंड पहुंचकर आंदोलन कर रहे छात्रों और युवाओं से बातचीत करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि राज्य में छात्र करीब 20 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है.
भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार से छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेने की बात करनी चाहिए. उन्होंने खास तौर पर छात्रों की ओर से उठाई जा रही CBI जांच की मांग का जिक्र किया. साहू ने कहा कि यदि सरकार छात्रों की मांग स्वीकार नहीं करती है, तो कांग्रेस को अपने समर्थन पर पुनर्विचार करना चाहिए और छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए.
आदित्य साहू ने कांग्रेस और झामुमो पर झारखंड के युवाओं के रोजगार और अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के अधिकार, रोजगार और न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है और उनकी आवाज को सड़क से लेकर संसद तक उठाती रहेगी.
उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि झारखंड में छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के बाद पार्टी की चुप्पी क्यों है. उन्होंने कांग्रेस पर झारखंड और दिल्ली के छात्रों के मुद्दों पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया.
प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों ने हाथों में तख्तियां लेकर कांग्रेस और झारखंड सरकार के खिलाफ नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों ने छात्रों से माफी मांगने, JPSC-JSSC-CGL परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कराने और सरकार के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई.
प्रदर्शन में आदित्य साहू के अलावा सांसद निशिकांत दुबे, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, बीडी राम, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे. भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों से जुड़े इस मुद्दे को आगे भी संसद में मजबूती से उठाया जाएगा.
