Jharkhand

चक्रधरपुर की अदिति ने जीता झारखंड स्टेट अंडर-13 शतरंज खिताब, नेशनल चैंपियनशिप के लिए चयन

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

चक्रधरपुर(CHAKRADHARPUR): झारखंड के चक्रधरपुर की उभरती शतरंज खिलाड़ी अदिति ने रांची में आयोजित 25वीं झारखंड स्टेट चेस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-13 बालिका वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया है. इस बड़ी उपलब्धि के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की शतरंज प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है.

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता झारखंड शतरंज संघ के तत्वावधान में आयोजित की गई थी, जिसमें राज्य के कई जिलों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले देखने को मिले, लेकिन अदिति ने अपनी सूझबूझ और धैर्यपूर्ण खेल के दम पर सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया.

अदिति सेरसा चेस अकादमी की प्रशिक्षु खिलाड़ी हैं. उनकी इस सफलता पर अकादमी के सचिव विश्वजीत चटर्जी सहित खेल अधिकारियों और सहायक खेल अधिकारियों ने उन्हें और उनके माता-पिता को हार्दिक बधाई दी. उन्होंने कहा कि अदिति की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है. यह सफलता अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी.

इस अवसर पर सेरसा चेस अकादमी के इंचार्ज कमल देबनाथ, मुख्य कोच मणिदीप मुखी तथा अन्य कोचिंग स्टाफ ने भी अदिति को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि अकादमी में दिए जा रहे निरंतर प्रशिक्षण और बेहतर मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि यहां के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.

राष्ट्रीय प्रतियोगिता को ध्यान में रखते हुए सेरसा प्रबंधन ने अदिति के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है. इस शिविर में उन्हें अनुभवी कोचों के मार्गदर्शन में उन्नत तकनीक और रणनीति का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे आने वाले राष्ट्रीय मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें.

अदिति की इस सफलता से चक्रधरपुर में खुशी की लहर है. खेल प्रेमियों, शिक्षकों, छात्रों और सामाजिक संगठनों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है. स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि क्षेत्र की प्रतिभाओं को इसी तरह उचित अवसर और मार्गदर्शन मिलता रहा, तो भविष्य में चक्रधरपुर और झारखंड से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे.