Jharkhand

2 महीने से बेटी की आस में तड़प रही मां की पथरा गई आंखे, अबतक नहीं मिला मासूम अदिति का सुराग

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): 18 महीने की मासूम अदिति पांडे के लापता होने के करीब दो महीने बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है. बेटी की तलाश में माता-पिता की आंखें हर दिन दरवाजे पर टिक जाती हैं, लेकिन अब तक उनकी गोद सूनी है. बच्ची के परिजन लगातार उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं. इस बीच रांची पुलिस ने अदिति की तलाश में आम लोगों से मदद की अपील करते हुए बड़ा कदम उठाया है.

रांची पुलिस ने घोषणा की है कि अदिति पांडे के बारे में सही और सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा. पुलिस का मानना है कि जनता के सहयोग से इस मामले में कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है. बताया गया है कि 18 महीने की अदिति पांडे सदर थाना क्षेत्र के कोकर स्थित खोरहाटोली से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी. बच्ची के अचानक गायब होने के बाद से परिवार सदमे में है. परिजन लगातार पुलिस प्रशासन से बच्ची को खोज निकालने की गुहार लगा रहे हैं.

पुलिस की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति को बच्ची के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे. प्रशासन ने यह भी भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी और उसकी सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा. रांची पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को बच्ची कहीं दिखाई दे या उसके बारे में कोई भी जानकारी प्राप्त हो, तो उसे नजरअंदाज न करें. एक छोटी-सी सूचना भी बच्ची तक पहुंचने में मददगार साबित हो सकती है.

जानकारी देने के लिए लोग रांची पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9431706136, 9431706137 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा सदर डीएसपी 9431102090 तथा सदर थाना प्रभारी 9431706160 के नंबर पर भी सूचना दी जा सकती है. फिलहाल पूरा परिवार और पुलिस प्रशासन अदिति की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में जुटा हुआ है. हर गुजरते दिन के साथ एक मां की बेचैनी बढ़ती जा रही है, जो अपनी मासूम बेटी के लौट आने का इंतजार कर रही है.