☰
Jharkhand

रांची में बनेगा 6.50 करोड़ का आधुनिक वेयरहाउस, किसानों और व्यापारियों को मिलेगी राहत

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रांची(RANCHI): किसानों और व्यापारियों के लिए एक बहुत ही अच्छी खबर सामने आई है, अब किसानों को अपनी फसल सुरक्षित रखने और व्यापारियों को अपना सामान स्टोर करने के लिए भारी-भरकम किराया चुकाकर निजी गोदामों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. झारखंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (जिडको) कांके के दुबलिया में एक बड़ा आधुनिक लॉजिस्टिक और वेयरहाउस कॉम्प्लेक्स बनाने जा रहा है, जिस पर लगभग 6.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

2 एकड़ जमीन पर किया जा रहा है तैयार

इस आधुनिक प्रोजेक्ट को लगभग 2 एकड़ जमीन पर तैयार किया जा रहा है, जिसमें 25 हजार वर्ग फीट का एक विशाल वेयरहाउस शामिल होगा. जिडको ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है जो 6 नवंबर को खुलेगा, और एजेंसी का चयन होने के बाद इस पूरे निर्माण कार्य को 12 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

किसानों और छोटे कारोबारियों को होगा फायदा

इस वेयरहाउस के बन जाने से किसानों और छोटे कारोबारियों को सीधा फायदा पहुंचेगा. किसानों को अपनी फसल जल्दबाजी में औने-पौने दामों पर बेचने की मजबूरी से राहत मिलेगी और वे सुरक्षित रूप से अपनी उपज स्टोर कर सकेंगे. इसके अलावा, व्यापारियों को महंगे प्राइवेट गोदामों का किराया देने और खुद का गोदाम बनाने के लिए अलग से जमीन खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

क्यों चुना गया दुबलिया

दुबलिया को इस प्रोजेक्ट के लिए चुनने की एक मुख्य वजह यह है कि यह सुकुरहुतु में बने ट्रांसपोर्ट नगर के बेहद करीब है. यदि भविष्य में ट्रांसपोर्ट नगर में माल रखने के लिए जगह कम पड़ती है, तो यह वेयरहाउस एक बेहतरीन विकल्प साबित होगा, जिससे माल ढुलाई और लॉजिस्टिक की योजना बनाने में भी काफी सहूलियत मिलेगी. इस परियोजना के पूरा होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.