रांची (RANCHI): झारखंड सरकार सोमवार को राज्य के शिक्षा विभाग को बड़ी सौगात देने जा रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राजधानी रांची के होटवार स्थित खेलगांव में आयोजित कार्यक्रम में 1,042 नवनियुक्त सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. इस अवसर पर शिक्षा विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में चयनित अभ्यर्थी मौजूद रहेंगे.
नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों में 274 इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य शामिल हैं, जिन्हें कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाने की जिम्मेदारी मिलेगी. वहीं 768 स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों की नियुक्ति कक्षा 6 से 8 तक के लिए की गई है. इनमें सामाजिक विज्ञान के 387, गणित एवं विज्ञान के 231 तथा भाषा विषय के 150 शिक्षक शामिल हैं.
जिलावार नियुक्तियों में पलामू को सबसे अधिक 123 सहायक आचार्य मिले हैं. इसके बाद गिरिडीह (92), कोडरमा (81), साहिबगंज (63), पश्चिमी सिंहभूम (61), देवघर (59), दुमका (54) और गोड्डा (53) में नियुक्तियां की गई हैं. इसके अलावा पाकुड़ (51), धनबाद (42), लातेहार (41), पूर्वी सिंहभूम (39), जामताड़ा (39), रांची (36), सरायकेला-खरसावां (34), गढ़वा (34), गुमला (27), बोकारो (24), सिमडेगा (21), हजारीबाग (15), खूंटी (12), लोहरदगा (11) तथा रामगढ़ को सबसे कम 4 सहायक आचार्य मिले हैं.
इससे पहले सरकार करीब 10,500 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र दे चुकी है, जो पिछले सात-आठ महीनों से राज्य के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में शिक्षण कार्य कर रहे हैं. इन सभी का चयन झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित परीक्षा के माध्यम से हुआ था. बताते चलें कि सहायक आचार्यों की भर्ती प्रक्रिया 26,001 पदों के लिए शुरू की गई थी, लेकिन पर्याप्त संख्या में योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में पद अब भी रिक्त हैं.
