रांची (RANCHI): झारखंड में SIR अभियान जारी है. ऐसे में अगर आपने अभी भी अपना नाम वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं कराया है तो आपको चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. आपके पास अभी भी समय है. इसी कड़ी में BLO और अधिकारी अलग अलग जिले में जाकर मतदाता सूची को दुरुस्त करने में लगे हुए है. भारत निर्वाचन आयोग ने दावे और आपत्तियों के निस्तारण की समय-सीमा बढ़ाकर 15 दिसंबर 2026 कर दी है. ऐसे में किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित होने से बचाने के लिए निर्वाचन विभाग ने होम-टू-रोल सत्यापन अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को तमाड़ विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के सत्यापन कार्य का जायजा लिया. इस दौरान किए गए सैंपल सर्वेक्षण में सात ऐसे युवा नागरिकों की पहचान हुई, जो मतदाता बनने की निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, लेकिन अब तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है. इस जानकारी के सामने आने के बाद निर्वाचन विभाग ने सभी पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
तीन मतदान केंद्रों पर घर-घर जाकर हुई जांच
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 7, 100 और 255 के अंतर्गत डिम्बुजारदा गांव, जंगामी गांव और बुंडू शहरी क्षेत्र में सत्यापन कार्य की समीक्षा की. इस दौरान निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) भी मौजूद रहे. भौतिक सत्यापन के दौरान चार अलग-अलग स्थानों पर सैंपल सर्वेक्षण किया गया. इसमें घर-घर जाकर वहां रहने वाले नागरिकों की जानकारी जुटाई गई और मतदाता सूची से उसका मिलान किया गया. इस प्रक्रिया में सात पात्र युवा ऐसे मिले, जिनका नाम अब तक वोटर लिस्ट में शामिल नहीं किया गया था.
18 साल पूरे कर चुके युवाओं का नाम जोड़ने पर जोर
सर्वेक्षण के नतीजों को गंभीरता से लेते हुए के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सघन होम-टू-रोल सत्यापन अभियान चलाने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटना नहीं चाहिए. उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके या इससे पहले जन्मे सभी पात्र भारतीय नागरिकों की पहचान की जाए. इसके बाद उनका मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए. इसके लिए घर-घर सत्यापन के साथ लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक और प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया है. निर्वाचन विभाग का उद्देश्य है कि मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों को शामिल किया जाए, ताकि कोई भी योग्य मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे. ऐसे में अगर आपका नाम अब तक वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं हुआ है, तो देर न करें. जरूरी आवेदन और दस्तावेजों के साथ संबंधित प्रक्रिया जल्द पूरी करें, ताकि मतदाता सूची में आपका नाम शामिल हो सके और आप मतदान के अधिकार से वंचित न रहें.
