Jharkhand

आज CGL, CDPO, Food Safety और JPSC परीक्षा रद्द करने के मामले में होगी सुनवाई, हजारों अभ्यर्थियों की फैसले पर नज़र

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड हाईकोर्ट में मंगलवार, 15 सितंबर को JPSC संयुक्त सिविल सेवा, CDPO, Food Safety Officer और JSSC CGL परीक्षा के विज्ञापन रद्द करने से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई होगी. इन याचिकाओं में राज्य सरकार की ओर से जारी उस अधिसूचना को चुनौती दी गई है, जिसके तहत संबंधित परीक्षाओं के विज्ञापन रद्द किए गए हैं. मामला जस्टिस दीपक रोशन की अदालत में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है. इस मामले में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को 7 सितंबर तक अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया था. हालांकि, सोमवार तक राज्य सरकार की ओर से अदालत में जवाब दाखिल नहीं किया गया था. अब आज यानि 15 सितंबर को होने वाली सुनवाई में सरकार की ओर से अपना पक्ष रखा जा सकता है. वहीं, कुछ मामलों में JPSC की ओर से अधिवक्ता संजय पिपरावाल ने शपथ पत्र दाखिल किया है.

इन चारों भर्ती प्रक्रियाओं से हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य जुड़ा हुआ है. JSSC CGL-2023, CDPO, JPSC की 11वीं से 13वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा और Food Safety Officer भर्ती रद्द होने के बाद अभ्यर्थियों के सामने भर्ती प्रक्रिया को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. उम्मीदवारों की नजर अब हाईकोर्ट की सुनवाई पर है. उन्हें उम्मीद है कि अदालत के अगले निर्देश से इन भर्ती प्रक्रियाओं की आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. मामले में अलग-अलग याचिकाओं के जरिए परीक्षा और विज्ञापन रद्द करने की सरकारी अधिसूचना को चुनौती दी गई है. JSSC CGL-2023 के मामले में रमेश उरांव और अन्य ने याचिका दाखिल की है. वहीं, CDPO नियुक्ति परीक्षा को रद्द करने के खिलाफ सुभाष मुर्मू और अन्य की ओर से हाईकोर्ट का रुख किया गया है.

JPSC की 11वीं से 13वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के विज्ञापन को रद्द करने के खिलाफ दीपमाला, आशीष अक्षत, आकांक्षा मिंज और अन्य ने याचिका दायर की है. इसके अलावा Food Safety Officer परीक्षा रद्द करने के फैसले को सौरभ सिंह और अन्य ने चुनौती दी है. इन परीक्षाओं के रद्द होने के बाद से संबंधित अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है. हजारों उम्मीदवार इन भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़े हैं और अब उनकी निगाहें अदालत की सुनवाई पर टिकी हैं. खास तौर पर यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि राज्य सरकार की ओर से अदालत के सामने क्या पक्ष रखा जाता है और हाईकोर्ट इन मामलों में आगे क्या निर्देश देता है.

आज होने वाली सुनवाई को इन विवादित भर्ती प्रक्रियाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अदालत के अगले निर्देश से JSSC CGL-2023, CDPO, JPSC की 11वीं से 13वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा और Food Safety Officer भर्ती से जुड़े मामलों की आगे की स्थिति को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है.