☰
Jharkhand

नवंबर में त्योहारों की भरमार, जानिए दिवाली से छठ तक कितने दिन बंद रहेंगे बैंक और सरकारी कार्यालय

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड में नवंबर 2026 का महीना त्योहारों और छुट्टियों के लिहाज से खास रहने वाला है. दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ महापर्व, भगवान बिरसा मुंडा जयंती और गुरु नानक जयंती जैसे प्रमुख अवसर इसी महीने पड़ रहे हैं. इसके अलावा नवंबर में पांच रविवार भी हैं. वहीं, बैंकिंग कैलेंडर के मुताबिक दूसरे और चौथे शनिवार को भी बैंकों में नियमित अवकाश रहेगा.

नवंबर महीने में कई प्रमुख त्योहार पड़ रहे हैं. कैलेंडर के अनुसार, 8 नवंबर, रविवार को दिवाली मनाई जाएगी. इसके अगले दिन 9 नवंबर, सोमवार को गोवर्धन पूजा है. वहीं, 11 नवंबर, बुधवार को भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा का अवसर रहेगा. उसके बाद 15 नवंबर, रविवार को झारखंड के लिए खास दिन होगा. इस दिन भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड स्थापना दिवस के साथ छठ पूजा का संध्या अर्घ्य भी पड़ रहा है. इसके अगले दिन 16 नवंबर, सोमवार को छठ महापर्व का प्रातः अर्घ्य दिया जाएगा. महीने के अंतिम सप्ताह में 24 नवंबर, मंगलवार को गुरु नानक जयंती मनाई जाएगी.

इसके अल्वा नवंबर 2026 में कुल पांच रविवार पड़ेंगे. ये तारीखें 1, 8, 15, 22 और 29 नवंबर हैं. रविवार को साप्ताहिक अवकाश रखने वाले सरकारी कार्यालयों में इन दिनों नियमित कामकाज बंद रहेगा. दिवाली और भगवान बिरसा मुंडा जयंती भी रविवार को पड़ रही हैं. 

वहीं बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए भी नवंबर का कैलेंडर महत्वपूर्ण है. इस महीने दूसरा शनिवार 14 नवंबर और चौथा शनिवार 28 नवंबर को है. इन दोनों दिनों में नियमित बैंकिंग अवकाश रहेगा. ऐसे में चेक जमा करने, बैंक शाखा में जरूरी काम कराने या अन्य सेवाओं के लिए जाने से पहले तारीख जरूर जांच लें. हालांकि, डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन भुगतान जैसी सेवाओं की उपलब्धता संबंधित बैंक के अनुसार जारी रह सकती है.

नवंबर में कुल 30 दिन हैं. सचिवालय और संबद्ध कार्यालयों में शनिवार तथा रविवार को साप्ताहिक अवकाश मानकर कैलेंडर के आधार पर 21 कार्यदिवस बनते हैं. इनमें सोमवार से शुक्रवार के बीच पड़ने वाले चार प्रमुख अवकाशों को घटाने पर लगभग 17 कार्यदिवस बचते हैं. यह गणना पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले कार्यालयों के लिए है. क्षेत्रीय कार्यालयों में छह दिवसीय कार्य सप्ताह लागू होने के कारण कार्यदिवसों की संख्या अलग हो सकती है. इसके अलावा, किसी विभाग की ओर से जारी विशेष आदेश के अनुसार भी छुट्टियों की स्थिति बदल सकती है.