☰
Jharkhand

विज्ञान भवन में झारखंड की बेटी का जलवा, डॉ. मेघा रानी को मिला ‘हिंदी गौरव सम्मान–2026’

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रांची (RANCHI): झारखंड की साहित्यिक प्रतिभा ने राष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर अपनी पहचान बनाई है. राज्य की चर्चित हिंदी साहित्यकार और विश्व रिकॉर्ड धारक डॉ. मेघा रानी को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रतिष्ठित ‘हिंदी गौरव सम्मान–2026’ से नवाजा गया. उन्हें यह सम्मान उत्कृष्ट शोध कार्य और प्रभावशाली शोध पत्र प्रस्तुति के लिए प्रदान किया गया. उनकी इस उपलब्धि से झारखंड का नाम साहित्यिक जगत में रोशन हुआ है.

विश्व हिंदी परिषद की ओर से आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्य विषय ‘हिंदी, राष्ट्रवाद और सुशासन’ रखा गया था. इस आयोजन में भारत सहित विभिन्न देशों के साहित्यकारों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और हिंदी भाषा के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया. सम्मेलन के दौरान हिंदी भाषा की वर्तमान स्थिति, उसकी वैश्विक पहचान और सामाजिक एवं राष्ट्रीय विकास में उसकी भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ.

इस अवसर पर डॉ. मेघा रानी ने झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया. उनके शोध की विषयवस्तु, अकादमिक विश्लेषण, प्रासंगिकता और प्रस्तुति शैली को सम्मेलन में मौजूद विद्वानों ने सराहा. उनके साहित्यिक एवं शोध संबंधी योगदान को देखते हुए उन्हें वर्ष 2026 के ‘हिंदी गौरव सम्मान’ के लिए चुना गया.

डॉ. मेघा रानी की यह सफलता उनकी निरंतर मेहनत, अध्ययन और साहित्य के प्रति समर्पण का परिणाम मानी जा रही है. विज्ञान भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर सम्मान प्राप्त कर उन्होंने झारखंड की साहित्यिक और बौद्धिक क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है. उनकी उपलब्धि विशेष रूप से युवा शोधार्थियों और महिला साहित्यकारों के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है.

इस उपलब्धि पर सोशल एक्टिविस्ट एवं ट्राइबल लीडर अनिल अमिताभ पन्ना ने डॉ. मेघा रानी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि विज्ञान भवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर झारखंड की बेटी का सम्मानित होना पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है. यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि झारखंड की साहित्यिक विरासत और बौद्धिक सामर्थ्य का भी परिचायक है.

पन्ना ने कहा कि डॉ. मेघा रानी ने अपने उत्कृष्ट शोध, प्रतिभा और लगातार प्रयासों से राज्य का सम्मान बढ़ाया है. उनकी सफलता से युवाओं को शिक्षा, साहित्य, शोध और रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी. उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड की पहचान केवल प्राकृतिक संसाधनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां ज्ञान, कला, संस्कृति और साहित्य के क्षेत्र में भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं. राज्य की ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और बेहतर मंच मिलना जरूरी है.