Jharkhand

झारखंड के 21 IPS अधिकारी लेंगे मिड-करियर ट्रेनिंग, हैदराबाद पुलिस अकादमी ने मांगे नामांकन

Rashmi Prasad CE
Copy Editor
झारखंड के 21 IPS अधिकारी लेंगे मिड-करियर ट्रेनिंग, हैदराबाद पुलिस अकादमी ने मांगे नामांकन

रांची (RANCHI): झारखंड से एक बड़ी खबर सामने या रही है जहां सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVPNPA), हैदराबाद ने 19वें मिड-करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (MCTP) फेज-IV में 21 IPS अधिकारी हिस्सा लेंगे. यह अनिवार्य प्रशिक्षण कार्यक्रम 31 अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा. दरअसल, गृह मंत्रालय के अधीन संचालित इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के लिए पुलिस अकादमी ने सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय एजेंसियों से पात्र भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के नामांकन मांगे हैं. जारी सूची के अनुसार, झारखंड कैडर के 21 आईपीएस अधिकारी इस प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए पात्र पाए गए हैं. यह प्रशिक्षण अधिकारियों के नेतृत्व कौशल, प्रशासनिक क्षमता और आधुनिक पुलिसिंग से जुड़े विषयों को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है.

अकादमी के अनुसार, इस बार प्रशिक्षण के लिए वर्ष 1995 से 2012 बैच के उन आईपीएस अधिकारियों को शामिल किया गया है, जिनकी सेवा अवधि 14 से 16 वर्ष पूरी हो चुकी है. भारतीय पुलिस सेवा (वेतन) नियमों के तहत MCTP फेज-IV को पूरा करना अनिवार्य माना गया है. इस प्रशिक्षण के सफल समापन के बाद ही संबंधित अधिकारी सुपर टाइम स्केल के पदोन्नति वेतनमान के पात्र बनते हैं. यही वजह है कि यह कार्यक्रम प्रत्येक अधिकारी के करियर की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. प्रशिक्षण के दौरान प्रशासनिक नेतृत्व, रणनीतिक निर्णय क्षमता, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, आंतरिक सुरक्षा, साइबर अपराध और समकालीन पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा.

राष्ट्रीय पुलिस अकादमी की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, देशभर के विभिन्न राज्य कैडरों और केंद्रीय पुलिस संगठनों से कुल 622 आईपीएस अधिकारियों को इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए पात्र घोषित किया गया है. इनमें AGMUT कैडर के सबसे अधिक 66 अधिकारी शामिल हैं. इसके अलावा पश्चिम बंगाल से 55, कर्नाटक से 43, मध्य प्रदेश से 42, उत्तर प्रदेश से 35 और झारखंड से 21 अधिकारी इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए पात्र हैं. चार सप्ताह तक चलने वाला यह प्रशिक्षण कार्यक्रम वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के व्यावसायिक विकास, नेतृत्व क्षमता और उच्च प्रशासनिक जिम्मेदारियों के लिए उन्हें तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.