Jharkhand

रांची से 17 वर्षीय किशोरी लापता, सोशल मीडिया पर रहती थी काफी एक्टीव

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

रांची (RANCHI): राजधानी के लालपुर थाना क्षेत्र से एक किशोरी लापता होने का मामला सामने आया है, जिसने परिजनों की चिंता बढ़ा दी है. 17 वर्षीय लड़की के अचानक घर से गायब होने के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं और उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद में पुलिस से मदद की गुहार लगा रहे हैं.

लालपुर थाना क्षेत्र के वर्दवान कंपाउंड स्थित गुलमोहर पार्क निवासी अरविंद कुमार गुप्ता की बेटी सिमरन कुमारी बीते 29 मई की सुबह अचानक घर से निकल गई. परिजनों का कहना है कि सुबह करीब 11 बजे वह बिना किसी को बताए घर से बाहर चली गई और उसके बाद वापस नहीं लौटी. जब काफी समय बीत जाने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, तो परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई.

सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि सिमरन अपना मोबाइल फोन भी घर पर ही छोड़ गई थी. ऐसे में परिजनों के पास उससे संपर्क करने का कोई साधन नहीं बचा. परिवार ने पहले अपने रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों से संपर्क किया. आसपास के इलाकों में भी उसकी तलाश की गई, लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल सकी. सिमरन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहती थी. इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अब उसके सोशल मीडिया अकाउंट जांच कर रही है, ताकि उसके बारे में कोई सुराग मिल सके.

काफी खोजबीन के बाद भी जब किशोरी का कोई पता नहीं चला, तो उसके पिता ने लालपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए उनकी बेटी की जल्द से जल्द तलाश की जाए. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और किशोरी को सुरक्षित खोजने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.