रांची: बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम खेल गांव में आयोजित 15 वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया. समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए. जहां उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पुलिस टीम और खिलाड़ियों को सम्मानित किया.
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, अनुशासन, समर्पण एवं खेल भावना की सराहना की. उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया.
इस दौरान अपने सम्बोधन में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है, जो राज्य के लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता एवं प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिलता है. उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया.
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने टाटा आर्चरी एकेडमी की तीरंदाज अंकिता भकत को भी सम्मानित किया. अंकिता भकत के नेतृत्व में भारतीय तीरंदाजी टीम ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया. मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए अन्य खिलाड़ियों को भी उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया.
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों का विवरण इस प्रकार है:
महिला वर्ग
- प्रथम स्थान: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) — 37 अंक
- द्वितीय स्थान: उत्तर प्रदेश पुलिस — 34 अंक
- संयुक्त तृतीय स्थान: असम राइफल्स एवं सीमा सुरक्षा बल (BSF) — 23 अंक
पुरुष वर्ग
- प्रथम स्थान: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) — 53 अंक
- द्वितीय स्थान: उत्तर प्रदेश पुलिस — 22 अंक
- तृतीय स्थान: राजस्थान पुलिस — 21 अंक
मुख्यमंत्री ने विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि खेल न केवल जीत और हार तक सीमित हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, टीम भावना एवं आत्मविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं.
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश और राज्य का गौरव बढ़ाएंगे. उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को भी शुभकामनाएं दीं.
इस समारोह में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा, अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड (AIPSCB) की प्रतिनिधि मीणा भारती (भा.पु.से.), अपर पुलिस महानिदेशक प्रिया दुबे एवं अपर पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक सहित बोर्ड के अन्य पदाधिकारी, वरीय पुलिस पदाधिकारी, गणमान्य अतिथिगण, आयोजन समिति के सदस्य तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाली विभिन्न पुलिस टीमों के खिलाड़ी उपस्थित थे.
