रांची (RANCHI): रांची से सटे एक छोटे से कस्बे में रहने वाले गरीब परिवार की बेटी शुचिता के लिए आज का दिन जिंदगी का सबसे खास दिन होने वाला था. आंखों में बड़े-बड़े सपने थे, दिल में कुछ कर गुजरने का जुनून था और नवोदय विद्यालय में दाखिले की खुशी चेहरे पर साफ झलक रही थी. परिवार की उम्मीदें भी उसी के सपनों के साथ उड़ान भरने को तैयार थीं. मां-बाप ने न जाने कितने अरमान संजो रखे थे अपनी लाडली के भविष्य को लेकर, लेकिन किसे पता था कि खुशियों से भरा यह दिन पल भर में मातम में बदल जाएगा. नवोदय में दाखिले का सपना संजोए घर से निकली शुचिता कभी लौटकर नहीं आएगी. एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते एक मासूम जिंदगी हमेशा के लिए खामोश हो गई.
दरअसल बेड़ो थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांचवीं कक्षा की छात्रा सुचिता कुमारी की मौत हो गई. हादसा बेड़ो-लोहरदगा मुख्य सड़क पर तुको कब्रिस्तान के पास हुआ. सुचिता अपनी दो सहेलियों के साथ पैदल ट्यूशन पढ़ने के लिए तुको स्थित कोचिंग जा रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही मारुति वैन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी गंभीर थी कि सुचिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. उसके साथ चल रही दोनों छात्राएं इस हादसे में बाल-बाल बच गईं.
सुचिता आज दो अन्य छात्राओं के साथ ट्यूशन पढ़ने जा रही थी, जहां रास्ते में तेज गति से आ रही मारुति वैन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण और परिजन तुरंत सुचिता को लेकर बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
ऐसे में सुचिता के दाखिले को लेकर परिवार को उम्मीद थी कि बेटी परीक्षा में सफल होकर अपने भविष्य को नई दिशा देगी. लेकिन परीक्षा से ठीक पहले हुए इस हादसे ने परिवार के सपनों को चकनाचूर कर दिया. जिस बच्ची के लिए घर में बेहतर भविष्य की उम्मीदें संजोई जा रही थीं, उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है.
हादसे के बाद मारुति वैन का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही बेड़ो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, दुर्घटना में शामिल मारुति वैन को जब्त कर लिया गया है. फरार चालक की तलाश की जा रही है.
