☰
Jharkhand

थाने से महज 100 मीटर दूर युवक का अपहरण, सफेद कार में जबरन ले गये बदमाश, वीडियो वायरल

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रामगढ़ (RAMGARH): जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है. थाना से करीब 100 मीटर की दूरी पर गणेश ज्वेलर्स के सामने से एक युवक को चार-पांच अज्ञात लोगों ने जबरन सफेद कार में बैठाकर अगवा कर लिया. घटना शाम करीब 4:30 बजे की बतायी जा रही है. पूरी वारदात ज्वेलरी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है.

सीसीटीवी में कैद हुई अपहरण की पूरी वारदात
दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, एक युवक काले रंग की कार (जेएच01एफ2208) से मौके पर पहुंचा था. उसने कार को खाली जगह पर खड़ा किया और बाहर निकलकर मोबाइल पर बात करने लगा. इस दौरान वह कुछ देर तक आसपास टहलता रहा. तभी टोपी पहने एक अन्य युवक वहां पहुंचा और उससे बातचीत करने लगा. कुछ समय बाद एक सफेद रंग की कार भी घटनास्थल पर आकर रुकी.

विवाद के बाद जबरन सफेद कार में बैठाया
फुटेज में दिख रहा है कि दोनों युवकों के बीच अचानक विवाद शुरू हो गया. इसी बीच तीन-चार अन्य युवक भी वहां पहुंच गये. इसके बाद सभी ने मिलकर काले रंग की कार से आये युवक को जबरन सफेद कार में बैठा लिया और मौके से निकल गये. सफेद कार कुछ दूरी तक मेन रोड पर चली और फिर थाना चौक की ओर बढ़ गई. घटना के वक्त आसपास लोगों की मौजूदगी थी, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया.

पुलिस ने खंगाला सीसीटीवी फुटेज
घटना की सूचना मिलने के बाद भुरकुंडा पुलिस गणेश ज्वेलर्स पहुंची और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की. पुलिस फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और युवक का पता लगाने का प्रयास कर रही है. भुरकुंडा थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता ने बताया कि फिलहाल मामले में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है.