रामगढ़ (RAMGARH): रामगढ़ से बड़ी खबर सामने आई है जहां चुट्टूपालू घाटी में एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हुआ है. घाटी की ढलान पर दो वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक वाहन के अंदर फंस गया. सूचना मिलने के बाद रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. दरअसल, जानकारी के अनुसार, चुट्टूपालू घाटी में लंबी ढलान के दौरान एक ट्रेलर अनियंत्रित हो गया. इसके बाद ट्रेलर और दूसरे वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे की आवाज सुनकर आसपास अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी.
वाहन में फंसे चालक को निकालने में जुटी पुलिस
दुर्घटना में एक वाहन का चालक गाड़ी के अंदर ही फंस गया. हादसे के बाद उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है. इधर, सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वाहन में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए बचाव कार्य शुरू किया. चालक को सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही है. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की स्थिति देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है. चुट्टूपालू घाटी में ढलान और सड़क की परिस्थितियों के कारण पहले भी सड़क दुर्घटनाएं सामने आती रही हैं. फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है. चालक को बाहर निकालने और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद सड़क पर यातायात सामान्य करने की कोशिश की जा रही है. हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी और घायल चालक की स्थिति का इंतजार है. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट-अनुज ठाकुर
