रामगढ़ (RAMGARH): झारखंड के रामगढ़ जिले के सिरका कोलियरी स्थित चूना भट्टा तालाब में नहाने के दौरान डूबने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई. दोनों बच्चे छठ पूजा मनाने बिहार के औरंगाबाद से अपने परिजनों के साथ रामगढ़ आए हुए थे. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, बच्चों के पिता संजय पासवान अपने बेटे छोटू पासवान और भतीजे शिवम पासवान के साथ छठ पूजा मनाने सिरका स्थित अपने जीजा के घर आए थे. उनके जीजा जीएम ऑफिस में निजी तौर पर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते हैं. बताया गया कि घर में पानी नहीं आने के कारण पूरा परिवार नहाने के लिए चूना भट्टा तालाब पहुंचा था. इसी दौरान नहाते समय छोटू पासवान अचानक गहरे पानी में डूबने लगा. उसे बचाने के लिए शिवम पासवान भी तालाब में उतर गया, लेकिन वह भी पानी में डूब गया.
दोनों बच्चों को डूबता देख परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें तालाब से बाहर निकाला और तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. छठ पूजा की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है.
रिपोर्ट: अनुज कुमार
