☰
Jharkhand

रामगढ़ के नेमरा में आज मनाई जाएगी बलिदानी सोबरन मांझी की पुण्यतिथि, CM हेमंत सोरेन देंगे श्रद्धांजलि

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रामगढ़ (RAMGARH): नेमरा गांव के लुकैयाटांड़ में 27 नवंबर को बलिदानी सोबरन मांझी का बलिदान दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाएगा. समारोह की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने दादा सोबरन मांझी को श्रद्धांजलि देने के लिए शुक्रवार को लुकैयाटांड़ पहुंचेंगे. कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद, विधायक और गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है.

बलिदान दिवस समारोह को लेकर गुरुवार को रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बलिदान स्थल सहित आसपास के कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच निर्माण, पंडाल, पेयजल और साफ-सफाई की तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है. पुलिस बल की तैनाती के साथ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, विभिन्न थाना क्षेत्रों के पदाधिकारियों और जवानों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है. अधिकारियों की ब्रीफिंग के दौरान कर्मचारियों को पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया. ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.

बलिदान दिवस पर लगेगा मेला, विकास योजनाओं की मिलेगी जानकारी
सोबरन मांझी के बलिदान दिवस पर लुकैयाटांड़ में मेला आयोजित किया जाएगा. ग्रामीणों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. समारोह के दौरान विकास मेला भी लगाया जाएगा, जहां विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल के माध्यम से लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया जाएगा.

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की कई विकास योजनाओं का ऑनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास प्रस्तावित है. वहीं, जिंदल ग्रुप पतरातू के कर्मचारियों ने बलिदान स्थल पर स्थित फव्वारे की मरम्मत की है. लुकैयाटांड़ में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा के ऊपर छज्जे का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है.

महाजनी शोषण के खिलाफ संघर्ष में दिया था बलिदान
सोबरन मांझी शिक्षक थे और उन्होंने महाजनी शोषण, सूदखोरी तथा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई थी. शिक्षा के माध्यम से आदिवासी-मूलवासी समाज में जागरूकता फैलाना उनका प्रमुख उद्देश्य था. 27 नवंबर 1957 को लुकैयाटांड़ में महाजनों ने उनकी हत्या कर दी थी.

उनका संघर्ष झारखंड आंदोलन और जल-जंगल-जमीन के अधिकारों की लड़ाई के लिए प्रेरणा बना. सोबरन मांझी झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पिता तथा वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दादा थे. बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने दादा सोबरन मांझी और दिवंगत पिता शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. समारोह को लेकर नेमरा और लुकैयाटांड़ में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है.