Jharkhand

रामगढ़ में सड़क हादसा, हाइवा की चपेट में आने से वृद्ध की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

 रांची (RAMGARH) : जिले से सड़क दुर्घटना वाली खबर सामने आई है. बुंडू गांव के समीप सोमवार को हुए सड़क हादसे में एक वृद्ध व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान जीतन मांझी के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में मातम पसार गया. इस घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर गिद्दी-नयीसराय मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों के जुटने से  आने-जाने के रास्ते प्रभावित रहे. स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक के परिवार को प्रशासन की ओर से उचित सहायता और मुआवजा मिलना चाहिए.

स्थानीय लोगों के अनुसार, 24 चक्का हाइवा पतरातू की ओर से गिद्दी होते हुए डोभी की तरफ जा रहा था. इसी दौरान बुंडू गांव के पास सड़क पर हादसा हो गया. हाइवा की चपेट में आने से जीतन मांझी गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. दुर्घटना के बाद हाइवा भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे में हाइवा चालक को भी चोटें आई हैं. स्थानीय लोगों की मदद से चालक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद गिद्दी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया. पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क जाम समाप्त कराने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे. उनका कहना है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा मिलने के बाद ही जाम हटाया जाएगा. सड़क जाम के कारण गिद्दी-नयीसराय मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही. पुलिस ग्रामीणों से लगातार बातचीत कर रही है और मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है. हादसे के कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है.