रामगढ़(Ramgarh): जिले में जंगली हाथियों की दस्तक ने लोगों की नींद उड़ा दी है. दो जंगली हाथी लगातार आबादी वाले इलाकों में घूम रहे हैं और घरों से लेकर दुकानों तक को नुकसान पहुंचा रहे हैं. रात होते ही लोगों के बीच डर और बढ़ जाता है. हालात ऐसे हैं कि लोग घर से बाहर निकलने से पहले भी आसपास हाथियों की मौजूदगी को लेकर सतर्क हो रहे हैं.
ताजा मामला रामगढ़ के सांडी इलाके का है. बीती रात दो जंगली हाथी सांडी के वार्ड नंबर 1 और 2 में पहुंच गए. इसके बाद हाथियों ने इलाके में जमकर उत्पात मचाया. टूटी झरना जाने वाले रास्ते पर मौजूद एक दुकान को हाथियों ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. दुकान के अंदर रखा सामान भी हाथी खा गए, जबकि काफी सामान बर्बाद हो गया. इससे दुकानदार को नुकसान उठाना पड़ा है.
CCTV में कैद हुए घूमते जंगली हाथी
इलाके में हाथियों के घूमने की तस्वीरें CCTV कैमरे में भी कैद हुई हैं. फुटेज में हाथियों को आबादी वाले इलाके में घूमते देखा जा सकता है. हाथी घरों के आसपास पहुंच रहे हैं और नुकसान भी कर रहे हैं. इसके बाद से स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है.
लोगों का कहना है कि जंगली हाथी कब और किस तरफ से आबादी में आ जाएं, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है. खासकर रात के समय स्थिति ज्यादा डरावनी हो जाती है. लोग अपने बच्चों और परिवार के दूसरे सदस्यों की सुरक्षा को लेकर परेशान हैं.
वन विभाग की कोशिशों पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाथियों की समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है. वन विभाग की ओर से हाथियों को आबादी से दूर भगाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हाथी बार-बार रिहायशी इलाकों की तरफ लौट रहे हैं.रामगढ़ के अलग-अलग वन क्षेत्रों में जंगली हाथियों की गतिविधि लगातार देखी जा रही है. अब इनके शहरी और आबादी वाले इलाकों तक पहुंचने से लोगों में डर बढ़ गया है.
सांडी में दुकान और घरों को नुकसान पहुंचने के बाद स्थानीय लोग वन विभाग से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की तरफ भेजने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी की जान को खतरा न हो और घर-दुकानों को होने वाले नुकसान से भी बचाया जा सके.