रामगढ़ (RAMGARH): भुरकुंडा ओपी के नजदीक स्थित काली मंदिर में शनिवार देर रात चोरी की घटना सामने आई है. अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और इसके बाद दानपेटी को निशाना बनाया. दानपेटी का लॉक तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली गई.
रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मंदिर पूजा कमेटी के सदस्यों को मामले का पता चला. इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी. घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में लोगों के बीच नाराजगी देखने को मिली.पूजा कमेटी के सदस्यों के अनुसार, मंदिर में चोरी की यह पहली वारदात नहीं है. इससे पहले भी कई बार चोर मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी रकम ले जा चुके हैं. इतना ही नहीं, मंदिर परिसर में लगी घंटी भी पहले चोरी हो चुकी है.
कमेटी के सदस्यों का कहना है कि मंदिर भुरकुंडा ओपी के बिल्कुल नजदीक है. इसके बावजूद मंदिर में बार-बार चोरी की घटनाएं सामने आना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करता है. सदस्यों ने पुलिस से मंदिर और आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ाने की मांग की है.मामले को लेकर पूजा कमेटी की ओर से पुलिस को लिखित आवेदन भी दिया गया है. आवेदन के जरिए घटना की जांच कराने और चोरी में शामिल लोगों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की गई है.
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के इलाके में लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है. फिलहाल चोरी हुई रकम कितनी थी, इसका सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है.
बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं के कारण मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: अनुज कुमार
