Jharkhand

रामगढ़ पुलिस को मिले 20 नए पेट्रोलिंग वाहन, गश्ती और अपराध नियंत्रण होगा और मजबूत

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

रामगढ़ (RAMGARH): रामगढ़ पुलिस की गश्ती व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से 20 नए पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए गए हैं. इन वाहनों के मिलने से जिले में पुलिस की गश्ती, अपराध नियंत्रण और डायल-112 पर मिलने वाली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी.पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिस बल के आधुनिकीकरण, सुदृढ़ीकरण एवं संसाधनों के उन्नयन की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों के तहत रामगढ़ पुलिस को द्वितीय चरण में 20 नए पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराए गए हैं.

उपायुक्त ने पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

 इसी क्रम में आज उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त, रामगढ़ ने द्वितीय चरण में प्राप्त पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.इससे पहले प्रथम चरण में रामगढ़ पुलिस को 13 पेट्रोलिंग वाहन एवं 19 दोपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए थे. द्वितीय चरण में 20 नए पेट्रोलिंग वाहन मिलने से जिले में पुलिस गश्ती, डायल-112 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया और अपराध नियंत्रण की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी.

लोगों में सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी

इन वाहनों का उपयोग विभिन्न थाना क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी गश्ती, एंटी-क्राइम चेकिंग, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, अपराध की रोकथाम, आपातकालीन परिस्थितियों और डायल-112 पर प्राप्त शिकायतों पर त्वरित पुलिस सहायता के लिए किया जाएगा. इससे पुलिस की पहुंच और दृश्यता बढ़ेगी तथा आम लोगों में सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी.रामगढ़ पुलिस को पुलिस मुख्यालय की ओर से उपलब्ध कराए गए नए पेट्रोलिंग वाहन जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

रिपोर्ट-अनुज कुमार