Jharkhand

रामगढ़ में बढ़ा जलस्तर का खतरा, भारी बारिश के बीच डैम-झरनों से दूर रहने की अपील

Mausam Muskan
Mausam Muskan
Senior News Publisher • TheNewsPost.in

रामगढ़ (RAMGARH): झारखंड में लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से जलप्रपातों, नदियों, डैम और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से बचने की अपील की है. खासकर रामगढ़ और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए यह सावधानी महत्वपूर्ण है, क्योंकि भारी बारिश के कारण रामगढ़ में नदी नालों का पानी काफी तेजी से बढ़ रहा है और छोटी सी लापरवाही भी बड़ी घटना ना बने इसके लिए झारखंड सरकार ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग  ने 24 सितंबर को झारखंड में  भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं, 25 सितंबर को भी राज्य में भारी बारिश की संभावना जताई गई है,साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है.

आपको बात दे कि लगातार बारिश के कारण नदियों और डैम के जलस्तर में अचानक बदलाव हो सकता है. तेज बहाव, फिसलन और अचानक पानी बढ़ने का खतरा देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. पतरातू डैम नलकारी नदी के पानी को संग्रहित करता है और रामगढ़ से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित है. इधर, रांची जिला प्रशासन ने लगातार बारिश के बीच हुंडरू, जोन्हा, दशम, सीता और रेमिक्स फॉल्स समेत अन्य जलप्रपातों के आसपास पर्यटकों को नहीं जाने की सलाह दी है. 

प्रशासन के मुताबिक तेज धार, फिसलन भरी चट्टानों और अचानक जलस्तर बढ़ने से खतरा बढ़ गया है. ऐसे में रामगढ़, पतरातू और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अपील है कि बारिश के दौरान डैम, नदी, झरने और पुल-पुलियों के आसपास आवश्यकता नहीं होने पर न जाएं.  पर्यटन से ज्यादा जरूरी सुरक्षा है,मौसम सामान्य होने और स्थानीय प्रशासन की अनुमति  के बाद ही पर्यटन स्थलों का रुख करें.