☰
Jharkhand

रामगढ़:  पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, राहुल दुबे गिरोह के गुर्गे को लगी गोली

Samir Hussain
Samir Hussain
सीनियर रिपोर्टर

 

रामगढ़:उरीमारी थाना क्षेत्र के करमा टील्हा जंगल में गुरुवार को पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई.इस दौरान राहुल दुबे गिरोह से जुड़े  अंशु दुबे के बाएं पैर में गोली लगी है.घायल अंशु दुबे को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया गया.पुलिस की निगरानी में उसे अस्पताल पहुंचाया गया है.

पुलिस के मुताबिक उरीमारी थाना कांड संख्या 189/26 के मामले में संदिग्ध अंशु दुबे (22 वर्ष), पिता राकेश कुमार द्विवेदी, निवासी  जिला गढ़वा को 5 नवंबर 2026 को पूछताछ के लिए गढ़वा थाना से उरीमारी ओपी लाया गया था.

पूछताछ के दौरान अंशु दुबे ने कथित तौर पर इस मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. साथ ही उसने पुलिस को बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार और पर्चा करमा टील्हा जंगल में एक पत्थर के नीचे छिपाकर रखा गया है.

इसके बाद पुलिस टीम उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने के लिए करमा टील्हा जंगल पहुंची.पुलिस के मुताबिक, हथियार बरामदगी की कार्रवाई के दौरान अंशु दुबे ने अचानक पुलिस जवानों को धक्का दिया और छिपाकर रखे गए हथियार से पुलिस बल की ओर फायरिंग कर दी.

पुलिस का कहना है कि अचानक हुई फायरिंग के बाद थाना प्रभारी ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की.इस दौरान चली गोली अंशु दुबे के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया.

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया.फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. हथियार और अन्य बरामदगी से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
रिपोर्ट:अनुज कुमार