Jharkhand

रामगढ़ में फायरिंग से दहशत, गिद्दी सी परियोजना के बूम बैरियर को बनाया निशाना, राहुल दूबे गैंग न ली जिम्मेदारी

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रामगढ़ (RAMGARH): जिले के गिद्दी क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने गिद्दी सी परियोजना के बूम बैरियर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. राहत की बात यह रही कि गोलीबारी में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ, जबकि मौके पर ड्यूटी कर रहा कर्मी बाल-बाल बच गया.

जानकारी के अनुसार, देर रात दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर परियोजना के प्रवेश द्वार के पास पहुंचे. वहां पहुंचते ही उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधियों ने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और क्षेत्र में भय का माहौल उत्पन्न हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही गिद्दी थाना पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके.

बताया जा रहा है कि इस गोलीबारी की जिम्मेदारी राहुल दूबे गैंग ने ली है. घटना के बाद गैंग की ओर से कथित तौर पर व्यवसायी आनंद जैन को अंतिम चेतावनी भी दी गई है. हालांकि पुलिस अभी इस दावे की भी जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है. फिलहाल पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा.