Jharkhand

रामगढ़ हादसे के बाद फूटा गुस्सा, शव सड़क पर रखकर NH-23 किया जाम, हजारों वाहन जाम में फंसे

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

रामगढ़ (RAMGARH) : जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों के शवों को रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (NH-23) पर मरांग मर्चा के पास सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान सड़क पर एम्बुलेंस और शव रखकर कई घंटों तक जाम लगाया गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और हजारों लोग जाम में फंस गए.

तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

यह प्रदर्शन रजरप्पा थाना क्षेत्र के बोरिंविंग गांव के पास किया गया. मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग सरकार और प्रशासन से उचित मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, बच्चों की शिक्षा और आवास की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.

भारी परेशानी का सामना करना पड़ा

प्रदर्शन में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हुए और उन्होंने मृतकों के परिजनों की मांगों का समर्थन किया. सड़क जाम होने से रामगढ़-बोकारो मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया. कई यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

उचित कार्रवाई की जाएगी

मामले की सूचना मिलने के बाद रामगढ़ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारी लगातार प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि उनकी मांगों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी.

पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

फिलहाल प्रदर्शन जारी है और रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित है. प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जाम समाप्त कराने के प्रयास किए जा रहे है. पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो.

रिपोर्ट – अनुज कुमार