Jharkhand

रामगढ़ में मलेरिया-टाइफाइड का कहर, मां और दो बच्चों की मौत से गांव में पसरा मातम

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

रामगढ़ (RAMGARH): रामगढ़ के पतरातू प्रखंड से बड़ी खबर सामने आई है. भदानी नगर ओपी क्षेत्र के पारगढ़ गांव में कथित तौर पर मलेरिया और टाइफाइड की चपेट में आने से एक ही परिवार के मां और दो बच्चों की मौत हो गई. एक साथ तीन मौतों की खबर से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है. घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब थी. बीमारी के बाद मां और दोनों बच्चों की हालत बिगड़ती चली गई. इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई. हालांकि, मौत की सही वजह को लेकर स्वास्थ्य विभाग की जांच जारी है. स्थानीय स्तर पर मलेरिया और टाइफाइड की बात सामने आ रही है.

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हो गई है. पतरातू बीडीओ के नेतृत्व में मेडिकल टीम गांव पहुंची और कैंप लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच शुरू कर दी है. ग्रामीणों की जांच के साथ-साथ संभावित संक्रमण और बीमारी के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है.

स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लोगों के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है और संदिग्ध मरीजों की जांच की जा रही है. ग्रामीणों को साफ-सफाई, दूषित पानी से बचने और मच्छरों से बचाव को लेकर भी जागरूक किया जा रहा है.

एक ही परिवार में मां और दो बच्चों की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है. लोग इस घटना से सहमे हुए हैं और प्रशासन से गांव में व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य जांच कराने की मांग कर रहे हैं.

फिलहाल मेडिकल टीम की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि तीनों मौतों की वास्तविक वजह क्या थी और क्या गांव में बीमारी का कोई व्यापक प्रकोप है.

रिपोर्ट: अनुज कुमार