रामगढ़ (RAMGARH): जिले में रामगढ़-रांची फोरलेन स्थित चुट्टू पालू घाटी में शनिवार एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार गैस लोड टैंकर और एक ट्रेलर के अनियंत्रित होने से कई वाहन अचानक से आपस में टकरा गए. हादसे की चपेट में दो छोटी गाड़ियां भी आ गईं, जिससे तीन लोगों को चोटें आईं. स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घटना की सूचना रामगढ़ थाना पुलिस को दी.
मिली जानकारी के अनुसार, गैस से भरा टैंकर ओडिशा के पारादीप से नेपाल के काठमांडू जा रहा था. चुट्टू पालू घाटी में पहुंचने पर टैंकर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वह अनियंत्रित होकर एक पिकअप वैन से टकरा गया. इसी दौरान रांची से रामगढ़ की ओर जा रहा सरिया (छड़) लदा ट्रेलर भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसकी चपेट में दो अन्य वाहन आ गए. हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई और सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.
सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद रामगढ़-रांची मार्ग पर यातायात सामान्य कराया गया. पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, टैंकर का ब्रेक फेल होना हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस ने वाहन चालकों से घाटी क्षेत्र में सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और गति नियंत्रित रखने की अपील की है.
रिपोर्ट- अनुज कुमार