रामगढ़(RAMGARH):रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में 21 अप्रैल 2026 को हुई चर्चित लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मामले के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है.गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमशेर आलम के रूप में हुई है, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए जेवरात और घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए है.रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई डकैती की जांच के दौरान पुलिस ने पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन इस वारदात का मुख्य साजिशकर्ता शमशेर आलम लगातार फरार चल रहा था.उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान किया जा रहा था.
फरार मास्टरमाइंड शमशेर आलम गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शमशेर आलम को गिरफ्तार कर लिया.पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर लूटे गए आभूषण और हथियार बरामद किए गए है. पुलिस के अनुसार, शमशेर आलम एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट समेत कुल 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह इससे पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है.
पढ़े एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने क्या कहा
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि इस गिरफ्तारी के साथ शिव शंकर ज्वेलर्स डकैती कांड में शामिल सभी प्रमुख आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हो गई है.पुलिस पूरे मामले की आगे भी गहन जांच कर रही है, ताकि इस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जा सके.उन्होंने इस सफलता के लिए रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार और पूरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
रिपोर्ट-अनुज कुमार
