Jharkhand

रामगढ़ के पावर प्लांट में बड़ा हादसा, फर्नेस ब्लास्ट में 10 से ज्यादा मजदूर झुलसे, 2 की हालत गंभीर

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रामगढ़ (RAMGARH): झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार को एक पावर प्लांट में बड़ा हादसा हो गया. कुजू ओपी क्षेत्र स्थित श्री राम पावर प्लांट में काम के दौरान फर्नेस में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया. इसकी चपेट में आने से 10 से ज्यादा मजदूर झुलस गए. हादसे के बाद प्लांट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

फर्नेस ब्लास्ट में कई मजदूर गंभीर रूप से झुलसे
हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो मजदूर 90 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गए हैं. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर किया गया है. वहीं, तीन अन्य मजदूरों के 40 प्रतिशत से ज्यादा झुलसने की जानकारी सामने आई है. घायलों में राजेंद्र महतो, परमेश्वर महतो, विजय यादव, संजय यादव और धनंजय सिंह के नाम शामिल हैं.

बताया जा रहा है कि फर्नेस में मेंटेनेंस और स्पंज आयरन से जुड़े काम के दौरान अचानक ब्लास्ट हुआ. हालांकि, फर्नेस में विस्फोट की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. हादसे के बाद लोजपा लेबर सेल के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह भाटिया ने प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि मजदूरों की सुरक्षा को लेकर जरूरी इंतजामों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी है. हादसा किस वजह से हुआ और सुरक्षा मानकों में कहीं लापरवाही बरती गई या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा.

रिपोर्ट : अनुज कुमार