Jharkhand

सब रजिस्ट्रार की पिटाई का लाइव वीडियो आया सामने, 11 डिसमिल जमीन के विवाद में हुई थी ईट से हत्या

Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रामगढ़ (RAMGARH): रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में तीन पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए लाठी, डंडे और ईंट भी बरामद कर लिए हैं.

रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना 30 जून को मांडू थाना क्षेत्र में हुई थी. मृतक बालेश्वर पटेल गिरिडीह जिले में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत थे और मूल रूप से रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के निवासी थे.

जमीन देखने पहुंचे थे बालेश्वर पटेल
पुलिस के अनुसार, बालेश्वर पटेल अपनी खरीदी हुई 11 डिसमिल जमीन पर कुछ कार्य कराने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचे थे. इसी दौरान जमीन के स्वामित्व को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने लाठी, डंडे तथा ईंट से उन पर हमला कर दिया. गंभीर मारपीट में बालेश्वर पटेल बुरी तरह घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने पर मांडू थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में बालेश्वर पटेल को रामगढ़ स्थित होप हॉस्पिटल पहुंचाया. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मृतक की पत्नी की शिकायत पर मांडू थाना कांड संख्या 151/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया. एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. इसके अलावा पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की और घटनास्थल के वीडियो फुटेज की भी जांच की.

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने हत्या में शामिल सात लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में तीन पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए लाठी, डंडे और ईंट भी बरामद कर लिए हैं. एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह जमीन विवाद सामने आई है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यदि इस घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट : अनुज कुमार