Jharkhand

इंस्टाग्राम पर दोस्ती बनी मुसीबत, युवती का अपहरण कर 7 दिन तक किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रामगढ़(RAMGARH): रामगढ़ से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है जहां सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती ने एक युवती की जिंदगीबर्बाद कर दी. जिले की रहने वाली एक युवती ने आरोप लगाया है कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने वाले युवक ने पहले उसे बहाने से बुलाया, फिर कथित तौर पर उसका अपहरण कर हजारीबाग ले गया और सात दिनों तक एक किराए के कमरे में बंद रखकर दुष्कर्म किया. पीड़िता ने किसी तरह अपने परिजनों से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हजारीबाग के कोर्रा थाना क्षेत्र से युवती को बरामद किया और आरोपी रितिक सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. मामले में रामगढ़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.

पीड़िता के अनुसार, कुछ महीने पहले उसकी इंस्टाग्राम पर हजारीबाग के कोर्रा निवासी रितिक सिंह से दोस्ती हुई थी. दोनों के बीच पहले सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू हुई और बाद में फोन पर संपर्क बढ़ता गया. युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे फिल्म दिखाने के बहाने रामगढ़ के राजीव सिनेमा हॉल के पास जेल मोड़ बुलाया. वहां वह अपने दो साथियों के साथ कार से पहुंचा. इसके बाद युवती को अपने साथ हजारीबाग ले जाया गया. आरोप है कि रास्ते में आरोपी ने कार छोड़कर उसे स्कूटी से एक किराए के कमरे में पहुंचाया, जहां उसका मोबाइल छीन लिया गया और बाहर निकलने से रोक दिया गया.

पीड़िता का आरोप है कि कमरे में बंद रखने के दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया, मारपीट की और गला दबाकर हत्या करने का भी प्रयास किया. 12 जुलाई की रात युवती को मौका मिला तो उसने मकान मालिक का मोबाइल लेकर अपने घर वालों को फोन किया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित बरामद कर रामगढ़ ले आई. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और अदालत में उसका बयान दर्ज कराया. अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.