रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भुरकुंडा ओपी क्षेत्र के दत्तो गांव में संचालित एक अवैध हथियार फैक्ट्री का खुलासा किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने तीन अर्धनिर्मित पिस्टल, नौ मैगजीन, हथियार बनाने की मशीन, ड्रिल मशीन, गैस कटर, रेल पटरी के लोहे के टुकड़े समेत बड़ी मात्रा में हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और सामग्री बरामद की है.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दिनेश विश्वकर्मा, उसकी पत्नी नूतन देवी और बड़े भाई अनिल विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है. तीनों से पूछताछ जारी है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के लेसरीगंज के रहने वाले हैं और वर्षों से दत्तो गांव में लोहार का काम करने की आड़ में अवैध हथियार बनाने का कारोबार चला रहे थे.
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि यहां तैयार किए गए हथियारों की सप्लाई कोयला क्षेत्र और आसपास के इलाकों में की जाती थी. आशंका जताई जा रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल रंगदारी, आपराधिक वारदातों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में किया जाता था. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे गिरोह का पता लगाने में जुटी है.
गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस लगातार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध हथियार बनाने, रखने या बेचने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
रिपोर्ट:अनुज कुमार
