Jharkhand

रामगढ़ में चलते ट्रक के तेल टैंक में ब्लास्ट, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

Saumya Shukla
Saumya Shukla
Reporter | Copy Editor

रामगढ़(RAMGARH): बरकाकाना ओपी क्षेत्र में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया. पतरातू से डुमरी की ओर जा रहे सीमेंट लदे ट्रक में पोचरा के पास अचानक आग लग गई. घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक ट्रक चल रहा था, इसी दौरान उसके तेल टैंक में अचानक ब्लास्ट हो गया. ब्लास्ट के बाद देखते ही देखते आग ट्रक में फैलने लगी.

रात के समय हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. राहत की बात यह रही कि हादसे में चालक की जान बच गई.

चालक ने ट्रक से कूदकर बचाई जान

तेल टैंक में ब्लास्ट होने के बाद चालक ने खतरे को देखते हुए तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई. चालक के बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद आग ने ट्रक को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन को बचाने का मौका नहीं मिल सका.

घटना के दौरान ट्रक सीमेंट लेकर पतरातू से डुमरी जा रहा था. पोचरा के पास पहुंचने के बाद यह हादसा हुआ.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

ट्रक में आग लगने की जानकारी मिलने के बाद बरकाकाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया. इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया.

काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक वाहन बुरी तरह जल चुका था. आग की वजह से ट्रक को भारी नुकसान हुआ है.

ब्लास्ट की वजह अभी साफ नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चलते ट्रक के तेल टैंक में ब्लास्ट किस वजह से हुआ. आग लगने के सही कारणों की जानकारी भी सामने नहीं आई है.

राहत की बात यह रही कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद चालक समय रहते ट्रक से बाहर निकल गया और उसकी जान बच गई. बरकाकाना पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है.

 

रिपोर्ट- अनुज ठाकुर