रामगढ़ (RAMGARH): जिले के मांडू थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. गिरिडीह में पूर्व सब-रजिस्ट्रार रह चुके बालेश्वर पटेल की कथित तौर पर जमीन विवाद में पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. वहीं, स्थानीय विधायक ने घटना को कानून-व्यवस्था की विफलता बताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, मांडू थाना क्षेत्र के बेलसगरा गांव निवासी बालेश्वर पटेल वर्तमान में गिरिडीह में सब-रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत रहे थे. बताया जा रहा है कि उन्होंने कुछ महीने पहले मांडू के रबोध गांव में करीब 11 डिसमिल जमीन खरीदी थी. यह जमीन उन्होंने मई महीने में खरीदी थी और उसी भूमि पर बोरिंग कराने के लिए मंगलवार सुबह पहुंचे थे.
इसी दौरान जमीन को लेकर पहले से चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि कुछ लोगों ने बालेश्वर पटेल पर हमला कर दिया और पत्थर से कूचकर उनकी हत्या कर दी. घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर मांडू थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी भी शुरू कर दी गई है.
बताया जा रहा है कि बालेश्वर पटेल हूल दिवस की सरकारी छुट्टी के कारण अपने पैतृक गांव आए हुए थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि जमीन देखने के दौरान उनके साथ इतनी बड़ी वारदात हो जाएगी. घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिचित उनके घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने लगे.
घटना पर मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि 12 से 14 की संख्या में चतरा से आए लोगों ने बालेश्वर पटेल की निर्मम हत्या की है. विधायक ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधी बेखौफ होकर ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. उन्होंने राज्य सरकार से सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे जमीन विवाद को मुख्य कारण मानकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है.
रिपोर्ट : अनुज कुमार