Jharkhand

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बेटी की विदाई से पहले पिता की दर्दनाक मौत

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

रामगढ़(RAMGHAR) : जिले में एक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है. शादी की तैयारियों में जुटे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब शादी का निमंत्रण पत्र बांटकर लौट रहे दो लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. मृतकों में हेंसापोड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया विशाल करमाली और कोरांबे निवासी जलेश्वर महतो शामिल हैं.

जलेश्वर महतो की बेटी का विवाह आगामी 2 जुलाई को निर्धारित था. शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं और इसी सिलसिले में वे रिश्तेदारों एवं परिचितों को निमंत्रण पत्र देने के लिए पूर्व मुखिया विशाल करमाली के साथ बाइक से विष्णुगढ़-बगोदर क्षेत्र गए थे. सोमवार शाम कार्ड बाटकर दोनों गांव लौट रहे थे.

इसी दौरान विष्णुगढ़-गोमिया मुख्य मार्ग पर उनकी बाइक की सामने से आ रही एक दूसरे बाइक से जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि जलेश्वर महतो ने घटना पर ही मौत हो घई. वहीं गंभीर रूप से घायल विशाल करमाली को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.

उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया. हालांकि इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई. विशाल करमाली हेंसापोड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया रह चुके थे. वर्तमान में उनकी पत्नी गीतांजलि कुमारी तिर्की पंचायत की मुखिया हैं. वे अपने पीछे पत्नी और तीन पुत्रों को छोड़ गए हैं.