Jharkhand

रामगढ़: पानी के तेज बहाव में डायवर्सन बहा, 12 गांवों का संपर्क टूटा, ग्रामीणों ने केके बिल्डर पर उठाए सवाल

Rajnish Sinha
Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor

रामगढ़(RAMGARH) : रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड अंतर्गत भदानीनगर ओपी क्षेत्र के दोमुहानी के समीप बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण सड़क का डायवर्सन पानी के तेज बहाव में बह गया. डायवर्सन टूटने से सड़क दो हिस्सों में बंट गई है और इस मार्ग से जुड़े करीब 12 गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है.

कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है. सड़क टूटने के कारण लोगों को एक छोर से दूसरे छोर तक जाने में काफी परेशानी हो रही है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को हो रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में केके बिल्डर द्वारा लंबे समय से पुल निर्माण का काम किया जा रहा है, लेकिन निर्माण कार्य की गति काफी धीमी है. ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते काम पूरा किया गया होता तो ऐसी स्थिति से बचा जा सकता था. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने और संबंधित निर्माण कंपनी पर कार्रवाई करने की मांग की है.

डायवर्सन बह जाने से ग्रामीणों में आक्रोश

स्थानीय ग्रामीणों ने भारी वाहनों के परिचालन पर भी नाराजगी जताई. उनका कहना है कि पहले भी इस मार्ग से भारी वाहनों का परिचालन नहीं करने की मांग की गई थी. इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही जारी रही. बारिश के बाद डायवर्सन बह जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है. स्थानीय ग्रामीण जितेंद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और संबंधित निर्माण एजेंसी से जल्द वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करने तथा पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की है.

रिपोर्ट – अनुज कुमार