Jharkhand

बड़ी खबर: रामगढ़ में अवैध कोयला खनन बना मौत का कारण, सुरंग में दम घुटने से चार युवकों की मौत

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

रामगढ़(RAMGARH): जिले के सीसीएल अरगडा बंद भूमिगत खदान के विपरीत स्थित काजू बगान जंगल क्षेत्र में शनिवार को अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई है. दरअसल, अवैध रूप से बनाई गई खदाननुमा सुरंग के भीतर ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैसों के कारण चार युवकों की दम घुटने से मौत हो गई. जानकारी के अनुसार चार युवक अवैध रूप से कोयला निकालने के लिए लगभग 30 फीट गहरे गड्ढे के भीतर उतरे थे. इसी दौरान वे खदान के अंदर फंस गए और बाहर नहीं निकल सके. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल है.

घटना की जानकारी मिलने पर सीसीएल अरगडा के सेफ्टी ऑफिसर रमेश कुमार और एरिया क्वालिटी मैनेजर एस.एन. तिवारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने तत्काल माइंस रेस्क्यू टीम और सीसीएल गिद्दी अस्पताल को सूचना दी. माइंस सुपरिटेंडेंट विकास कुमार के नेतृत्व में 12 सदस्यीय रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची, जबकि डॉ. सागर कुमार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय चिकित्सकीय दल भी एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंच गया. काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने चारों युवकों को सुरंग से बाहर निकाला. बता दें, मृतकों की पहचान सिरका बुधबाजार निवासी किशोर और आशीष तथा टोंगी निवासी देवा और डब्लू के रूप में हुई. ग्रामीण और परिजन उन्हें इलाज के लिए रांची रोड स्थित होप अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया.

रेस्क्यू टीम के अनुसार खदान के ऊपरी हिस्से में ऑक्सीजन का स्तर लगभग नौ प्रतिशत था, जबकि करीब 30 फीट नीचे और अंदर बनी 40 फीट गहरी सुरंग में यह घटकर मात्र दो प्रतिशत रह गया था. जांच के दौरान कार्बन डाइऑक्साइड समेत अन्य जहरीली गैसों की मौजूदगी भी पाई गई. विशेषज्ञों का मानना है कि ऑक्सीजन की गंभीर कमी और जहरीली गैसों के प्रभाव से चारों युवकों की मौत हुई. घटना की सूचना पर रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय और कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर बनाए रखी. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.