Jharkhand

BREAKING: CCL कर्मी 5 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, CBI का बड़ा एक्शन

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

रामगढ़ (RAMGARH): रामगढ़ जिले के सीसीएल बरका सयाल क्षेत्र में सोमवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने रिश्वत लेते हुए एक सीसीएल कर्मी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीसीएल के सौंदा रीजनल स्टोर में कार्यरत कर्मचारी अरुण सिन्हा को सीबीआई की टीम ने कथित तौर पर 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोचा.

बताया जा रहा है कि यह राशि एक मजदूर तिलेश्वर मांझी से ली जा रही थी. शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया. सूत्रों के मुताबिक, करीब 14 अधिकारियों और कर्मियों की सीबीआई टीम इस ऑपरेशन में शामिल थी. गिरफ्तारी के तुरंत बाद टीम ने आरोपी कर्मी को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. साथ ही उसके आवास पर भी छापेमारी कर दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की गई.

जानकारी यह भी सामने आई है कि सीबीआई की टीम आरोपी से सीसीएल गेस्ट हाउस में कई घंटों तक पूछताछ करती रही. अधिकारियों ने मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रिश्वतखोरी का यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं. फिलहाल सीबीआई की कार्रवाई के बाद सीसीएल बरका सयाल क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है. कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा तेज है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और सीबीआई जल्द ही आधिकारिक बयान जारी कर सकती है.

रिपोर्ट : अनुज कुमार