Jharkhand

रामगढ़ में महुआ पेड़ से लटका मिला 18 वर्षीय युवक का शव, प्रेम प्रसंग की आशंका

Diksha Benipuri
Copy Editor
रामगढ़ में महुआ पेड़ से लटका मिला 18 वर्षीय युवक का शव, प्रेम प्रसंग की आशंका

रामगढ़ (RAMGARH): देवरिया सरना स्थल के जोभीया गाढ़ा स्थित खेत में एक महुआ के पेड़ से लटकता हुआ एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान 18 वर्षीय विशाल मुंडा के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और इसकी सूचना पुलिस को दी गई.

सूचना मिलने के बाद भदानी नगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस को मृतक के मोबाइल फोन से कुछ ऐसे संदेश मिले हैं, जो इस दिशा में इशारा करते हैं. एक संदेश में लिखा था, "अपना ख्याल रखना, हमसे बेहतर तुम्हें कोई नहीं मिलेगा." इसके अलावा मोबाइल में एक अलविदा संदेश भी मिला है.

भदानी नगर थाना प्रभारी अख्तर अली ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर संभावित एंगल की जांच की जाएगी. मौके पर पतरातू इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह भी मौजूद रहे और मामले की जानकारी ली.

वहीं मृतक के चाचा अनिल मुंडा ने बताया कि विशाल ने खेत में स्थित महुआ के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या की है. उन्होंने भी मोबाइल में मिले संदेशों का जिक्र करते हुए इसे आत्महत्या का मामला बताया.

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

रिपोर्ट:अनुज कुमार